ताखा। सुतियानी गांव में मंगलवार शाम बड़े भाई की साली से शादी न होने की बात पर युवक ने जहर खा लिया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे सैफई में भर्ती कराया। यहां बुधवार दोपहर एक बजे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के सुतियानी निवासी मनमोहन (23) ने मंगलवार शाम छह बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद मनमोहन की हालत बिगड़ी तब परिजनों को मामले की जानकारी हुई। मनमोहन की मां कुसुमा देवी ने बताया कि बेटा हरदोई स्थित हॉटमिक्स प्लांट में नौकरी करता था। दो दिन पहले छुट्टी पर घर आया था।
उसने बड़े भाई की साली से शादी की बात कही। मां ने साली के परिजनों से जब बात की तो उन्होंने इससे इन्कार कर दिया। इसके बाद ही उसने जहर खा लिया। थानाध्यक्ष बलराम मिश्रा ने बताया युवक की मौत के पीछे शादी की लेकर गृह क्लेश की बात सामने आई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।