कानपुर देहात। बारिश में घर गिरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। दो घटनाओं में तीन मासूमों की जान भी जा चुकी है। इधर जीरो पावर्टी के अन्तर्गत चिह्नित घर विहीन परिवारों के सत्यापन में ढिलाई की जा रही है। हालात ये हैं कि बारिश में घर गिरी की घटनाएं बढ़ी तब सूची सत्यापन की सुध ली गई। ऐसे में जरूरतमंदों को सिर पर छत के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
जीरो पावर्टी में चिह्नितों का सत्यापन कर पात्र पाए जाने पर परिवारों को कॉलोनी आवंटित की जानी है। शासन से निर्देश जारी करने के साथ जीरो पावर्टी में चुने गए परिवारों की सूची भी ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध कराई गई लेकिन एक साल बीतने के बाद भी चिह्नित परिवारों का सत्यापन पूरा नहीं हो सका है। पिछले दिनों कई दिन तक लगातार हुई बारिश की वजह से जिले में कच्चे घरों के आंशिक या फिर पूरी तरह से ढहने की घटनाएं 100 का आंकड़ा छूने को हैं। सरवनखेड़ा ब्लॉक में जीरो पावर्टी में 146 परिवार चिह्नित किए गए थे।
ग्राम सचिवों के सत्यापन में 97 परिवारों को कॉलोनी के लिए पात्र पाया गया है। बारिश में घर ढहने लगे तो ब्लॉक कार्यालय से यह सूची अब त्रिस्तरीय समिति से सत्यापन के लिए तहसील भेजी गई है। इसी प्रकार अकबरपुर ब्लॉक में जीरो पावर्टी में करीब 150 परिवार चिह्नित किए गए थे। इसमें पूर्व में सर्वे में 44 परिवार कॉलोनी के लिए पात्र पाए गए। अब इन परिवारों का त्रिस्तरीय समिति से सत्यापन हो सका है। जबकि अभी जिला स्तरीय कमेटी से अनुमोदन बाकी है। वहीं ग्राम सचिव स्तर से अन्य 47 परिवार भी कॉलोनी के लिए पात्र पाए गए हैं। इनका त्रिस्तरीय कमेटी से सत्यापन कराने के लिए सूची एसडीएम को भेजी गई है।
.............
बयान....
सरवनखेड़ा ब्लाॅक में जीरो पावर्टी की सूची में 147 नाम शामिल थे। इनका सत्यापन करने पर 97 परिवार कॉलोनी के लिए पात्र पाए गए हैं। जिला स्तर से गठित त्रिस्तरीय कमेटी का सत्यापन कराने की प्रक्रिया की गई है। इसके बाद अनुमोदन के लिए जिला कमेटी में प्रस्ताव भेजा जाएगा। - नरेश कुमार, बीडीओ, सरवनखेड़ा
.................
अकबरपुर ब्लॉक में पूर्व में जीरो पावर्टी की सूची के सत्यापन में पात्र पाए गए 44 परिवारों का त्रिस्तरीय कमेटी से सत्यापन पूरा हो गया है। अब जिला स्तरीय अनुमोदन लिया जाएगा। पात्र पाए गए 47 अन्य परिवारों का त्रिस्तरीय कमेटी से सत्यापन कराने की प्रक्रिया की गई है। - हरीश कुमार, सहायक विकास अधिकारी
...................
अकबरपुर में जीरो पावर्टी सूची में कई परिवारों पहला सत्यापन शेष
अकबरपुर ब्लॉक में जीरो पावर्टी सूची में करीब 150 परिवारों के नाम शामिल थे। इसमें से अब तक 91 परिवार कॉलोनी के लिए पात्र पाए गए हैं। इसमें से 47 परिवारों का अभी ग्राम सचिव स्तर से सत्यापन हो सका है। केवल 44 परिवारों का सत्यापन त्रिस्तरीय कमेटी से हो सका है। वहीं जानकारों का कहना है कि जीरो पावर्टी सूची में शामिल कई परिवारों का अभी पहला सत्यापन ही नहीं हो सका है। ऐसे करीब 25 से अधिक परिवार हैं। एडीओ तक जिम्मेदारों को जीरो पावर्टी में चिन्हित परिवारों को कॉलोनी आवंटन पात्रता के सत्यापन की सुध आयी है।
...................
आवास योजना पर एक नजर
ग्रामीण क्षेत्र में पक्के घर के लिए नियम तय हैं। कॉलोनी तभी मिलेगी जब इन शर्ताें पर परिवार खरा उतरेगा। इसमें कमजोर आय वर्ग के परिवारों के साथ ही कालाजार, जापानी इंफेलाइटिस आदि बीमारी से ग्रसित पीड़ित के परिवार को प्राथमिकता दी जाती है। इसके साथ ही आपदा पीड़ित जैसे की बाढ़, आगजनी या फिर भूस्खलन आदि की वजह से बेघर परिवार भी शामिल होते हैं। दिव्यांग, निराश्रित को भी कॉलोनी में प्राथमिकता दी जाती है। सरकार की ओर से घर बनाने के लिए सहायता के तौर पर 1.20 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसमें पहली किस्त में 40 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 70 हजार रुपये और तीसरी व अंतिम किस्त में 10 हजार रुपये दिए जाने की व्यवस्था है।