जनपद छतरपुर के दिदवारा निवासी बली मोहम्मद ने अपनी बेटी जुलेखा (20) की शादी 27 मई 2024 को लाड़पुर निवासी शफीक मंसूरी से की थी। शादी के कुछ दिन बाद दंपती शहर के रामनगर में किराये का कमरा लेकर रहने लगे। जुलेखा आए दिन इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी। इसको लेकर पति से कई बार कहासुनी हुई।
बृहस्पतिवार को देर शाम फिर रील बनाने को लेकर पति ने उसे डांट दिया। इससे नाराज युवती घर से निकल गई और महोबा-खजुराहो रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर जान दे दी। पति ने बताया कि वह अंडे का ठेला लगाता है।
शाम को जब वह काम से घर लौटा तो पत्नी खाना बनाने की जगह इंस्टाग्राम पर रील बना रही थी। इस पर उसने मना किया। कहासुनी होने के बाद देर रात वह घर से गायब हो गई। शुक्रवार की सुबह ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।