जसवंतनगर। गांव कैस्त में सोमवार देर रात शराब पीकर घर आए पति का पत्नी से झगड़ा हो गया। पत्नी ने शराब पीने का विरोध किया तो पति ने उसे पीट दिया। इससे नाराज पत्नी रात में घर छोड़कर निकल गई। इसके कुछ देर बाद ही पति ने शराब के नशे में फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने बताया कि रमेश चंद्र पाल (55) निवासी कैस्त खेती-किसानी करता था। सोमवार रात करीब 10 बजे वह नशे की हालत में घर पहुंचा। पत्नी पार्वती ने नाराजगी जताते हुए आगे से शराब न पीने की बात कही। इस पर रमेश ने पत्नी को पीट दिया। गुस्से में पत्नी घर छोड़कर पड़ोस में चली गई। रात करीब 11 बजे पत्नी घर लौटी तो रमेश चंद्र का शव कमरे के कुंडे से फंदे पर लटक रहा था। यह देखकर वह चीखने लगी। सूचना पर एसआई मनीष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने जांच की है। पत्नी पार्वती ने बताया कि उनके दो पुत्र आकाश और हर्ष दिल्ली में रहकर रोजगार करते हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। पुत्री साधना की भी शादी हो चुकी है।