कानपुर। पिता की डांट से नाराज होकर घर से भागे सगे भाइयों को जीआरपी ने पकड़ा है। दोनों को परिजनों के सुपुर्द किया गया है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान शुक्रवार को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो किशोर अकेले भटकते मिले। पूछताछ पर पता चला कि दोनों मऊ के रहने वाले हैं और इनकी उम्र 13 व 15 साल है। पिता ने डांट दिया तो घर से भाग आए। ट्रेन में बैठकर कानपुर तक आ गए। इस पर दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन जीआरपी थाने आए तो उनकी सुपुर्दगी में दोनों भाइयों को दे दिया गया। (संवाद)