दाेपहर का समय हर काेई अपने घर के कामाें में व्यस्त था कि तभी बिजली के उपकरण पटाखाें की तरह तेज अवाज के साथ फूटने लगे। इस पहले की काेई समझ पाता बिजली का वाे हर उपकरण तबाह हाे गया जाे चालू था। ये हादसा अचानक से 11 हजार वोल्टेज का करंट हाईटेंशन लाइन में दाैड़ने के चलते हुअा। कुछ लाेग करंट की चपेट में अाकर गंभीर रूप से झुलस गए।
मामला कान्नाैज के चपुन्ना क्षेत्र के ग्राम मुर्रा का है। यहां ट्रांसफार्मर में लगी बुशिंग टूटने के चलते अचानक से सैकडाें घरों में 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन का करंट दौड़ गया। अचानक हुये इस हादसे में दर्जनों घरों में लगे बिजली के उपकरण फुंक गए।
बुधवार दोपहर क्षेत्र के ग्राम मुर्रा में लगे 10 केवी के ट्रांसफार्मर की बुशिंग अचानक टूट गई। इससे 11 हजार वोल्टेज का करंट एलटी लाइन में दौड़ गया। इससे गांव में कई घरों में लगे बिजली के उपकरण मोबाइल, चार्जर, टीवी, फ्रिज, पंखे, सबमर्सिबल पंप सहित काफी सामान फुंक गया।
करंट की चपेट में आने से गांव की मीना देवी पत्नी आदित्य पांडेय, शीला पुत्री महेश्वरदयाल, सरोजनी पत्नी उमाकांत, कीर्ति पत्नी रामजी तथा अनुपम पत्नी अखिलेश पांडेय व संदीप कुमार सहित कई लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी। तब जाकर विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति बंद की गई। गांव पहुंचे लाइनमैन ने ट्रांसफार्मर का जंफर काटकर केबल उतार दी। गंभीर रूप से झुलसे लोगों को परिजन निजी साधनों से विभिन्न अस्पतालों में ले गए हैं।
आदित्य पांडेय की पत्नी मीना देवी की हैलट अस्पताल कानपुर में हालत स्थिर बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही अखिलेश पांडेय की बेटी का कल तिलक जाना है। ऐसे में एक दिन पहले हुए इस हादसे से परिवार के लोग परेशान हो गए हैं।
जेई संतकुमार वर्मा ने बताया कि ओवरलोडिंग की वजह से ट्रांसफार्मर की बुशिंग राड टूट गई थी। इसी वजह से घरों में एचटी लाइन का करंट दौड़ गया। ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदल दिया जाएगा। विभाग के अधिशासी अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि विद्युत सुरक्षा निदेशालय से घटना की जांच कराई जाएगी।
रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा। इस घटना में विभाग की कोई लापरवाही नहीं प्रतीत हो रही है फिर भी जांच के लिए एसडीओ सौरिख को गांव भेजा जाएगा।