संवाद न्यूज एजेंसी
पुखरायां। बारिश होने से मंगलवार को गेहूं खरीद केंद्र बंद रहे। वहीं, किसान ट्रैक्टर-ट्राली में पन्नी डालकर गेहूं भीगने से बचाने का प्रयास करते रहे। शाम को बारिश बंद होने पर पुखरायां मंडी स्थित दोनाें खरीद केंद्रों में तौल शुरू करा दी गई। जबकि अन्य केंद्रों पर खरीद नहीं हो सकी। मूसानगर में लोडिंग की समस्या होने के कारण गेहूं रखने में परेशानी हो रही है।
मंगलवार को बरसात होने के कारण कई किसान लौट गए। वहीं, कुछ किसानों ने पन्नी डालकर गेहूं सुरक्षित किया। पुखरायां की मंडी स्थित एफसीआई केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि गेहूं गोदाम में रखवाया जा रहा है। बरसात के समय तौल बंद रही। शाम को बारिश बंद होते ही टोकन के अनुसार खरीद चालू करा दी गई।
वहीं, मंडी समिति की ओर से बनाए गए गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी संदीप कटियार ने बताया कि बारिश बंद होते ही तौल शुरू करा दी गई है। डीघ स्थित एफसीआई केंद्र प्रभारी स्वाति वर्मा ने बताया कि बारिश होने के कारण तौल कराना संभव नहीं हो सका। बुधवार को तौल कराई जाएगी। मूसानगर में पीसीएफ की ओर से खोले गए गेहूं क्रय केंद्र के प्रभारी रामकुमार ने बताया कि 10 अप्रैल से गेहूं की खरीद चालू की गई थी। अब तक 75 किसानों से 3604 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। मंगलवार कोे बारिश होने के कारण खरीद बंद रही है। वहीं केंद्र में टीन शेड नीचे 972 क्विंटल गेहूं रखा है। छुट्टा मवेशी नुकसान कर रहे हैं। ट्रक न आने की वजह से लोडिंग नहीं हो पा रही है। गेहूं गोदाम भेजने में देरी हो रही है। विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है।