कार्यालय में ई-पॉप मशीन देखते जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले में गेहूं खरीद के लिए 12 ई- पॉप (इलेक्ट्रानिक-प्वाइंट ऑफ परचेज) मशीनें मंगलवार को प्राप्त हो गईं। खाद्य विभाग के 12 क्रय केंद्रों पर इन मशीनों से अंगूठा लगाकर गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी। क्रय केंद्र प्रभारियों को ई- पॉप संचालन का तरीका बताया गया।
गेहूं की सरकारी खरीद के लिए ई- पॉप मशीनों का विकल्प दिया गया है। खाद्य विभाग के 12 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिले को 12 ई- पॉप मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। ऑनलाइन पंजीकृत किसान, नामित परिवारी सदस्य या बटाईदार अंगूठा लगाकर अनाज की बिक्री कर सकेंगे। मंगलवार को जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में ई- पॉप मशीनों के संचालन का क्रय केंद्र प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि क्रय केंद्र प्रभारियों को ई- पॉप संचालन का तरीका बताया गया है। संचालन में नेटवर्क की दिक्कत न आए इसके लिए दो निजी संचार कंपनी का नेटवर्क उपलब्ध रहेगा।
जिले में कुल 58 क्रय केंद्र बने हैं। 15 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। 43 क्रय केंद्रों पर खरीद की बोहनी नहीं हो सकी है। वहीं मंडी समिति के क्रय केंद्रों पर भी खरीद की शुरुआत बाकी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि 15 क्रय केंद्रों पर चार सौ मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। 15 अप्रैल से गेहूं की खरीद में तेजी आने की उम्मीद है।
यहां ई- पॉप मशीन से होगी गेहूं खरीद
कानपुर देहात। अकबरपुर तहसील में उपमंडी स्थल अकबरपुर, रनियां निकट राजकीय गोदाम, मैथा तहसील में मैथा निकट राजकीय गोदाम व मैथा द्वितीय राजकीय गोदाम, डेरापुर तहसील में डेरापुर निकट राजकीय गोदाम, झींझक मंडी स्थल, रसूलाबाद तहसील में रसूलाबाद निकट राजकीय गोदाम, रसूलाबाद द्वितीय निकट राजकीय गोदाम, सिकंदरा तहसील में राजपुर निकट राजकीय गोदाम, संदलपुर निकट राजकीय गोदाम और भोगनीपुर तहसील में मंडी स्थल पुखरायां व पुखरायां द्वितीय निकट राजकीय गोदाम डींघ में ई-पोप मशीन से होगी गेहूं की खरीद होगी।