झींझक। यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन का झींझक और फफूंद स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव स्वीकृत किया है। इससे झींझक समेत आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को प्रयागराज और गुजरात के वेरावल की सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी।
यातायात निरीक्षक फफूंद आलोक द्विवेदी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04173 प्रयागराज-वेरावल स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को 13 अगस्त से 24 सितंबर तक चलेगी। ट्रेन झींझक स्टेशन पर दोपहर 1:48 बजे पहुंचेगी और दो मिनट ठहरने के बाद 1:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद फफूंद स्टेशन पर दोपहर 2:13 बजे पहुंचेगी और 2:15 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04174 वेरावल-प्रयागराज स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 14 अगस्त से 25 सितंबर तक चलेगी।
यह ट्रेन फफूंद स्टेशन पर रात 12:10 बजे पहुंचेगी और 12:12 बजे रवाना होगी। झींझक स्टेशन पर रात 12:28 बजे पहुंचकर दो मिनट बाद 12:30 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी। अतिरिक्त ठहराव मिलने से यात्रियों को प्रयागराज जाने के साथ ही गुजरात के वेरावल पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। क्षेत्रीय यात्रियों ने रेलवे के इस निर्णय को सुविधाजनक बताते हुए खुशी जताई है। (संवाद)