वेब सीरीज युवाओं को दे रहा नाम और दाम
- फोटो : अमर उजाला
युवाओं और फिल्मी दुनिया के दीवानों के बीच तेजी से लोकप्रिय वेब सीरीज सिनेमा रोजगार भी दे रहा है। कानपुर के युवाओं को यह क्षेत्र खास रास भी आ रहा है। मेकअप आर्टिस्ट, कैमरा पर्सन के साथ ही वेब सीरीज में कानपुर की कई युवतियां काम करके अच्छा पैसा कमा रही हैं।
लिंकिंग जॉब कंसल्टेंट के सीईओ सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि नौकरियों का ट्रेंड तेजी से बदल रहा है। वेब सीरीज सिनेमा नौकरियां देने में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौजूदा समय में यह क्षेत्र 25-30 फीसदी सकारात्मक ग्रोथ के साथ बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में मेकअप आर्टिस्ट, कलाकारों, तकनीकी दक्ष, कैमरा पर्सन की मांग बढ़ी है। शहर के ही तमाम युवा इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
कंसल्टेंट रश्मि माहेश्वरी ने बताया कि शहरी युवा आईटी, रिटेल में सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर तलाशते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के युवा सरकारी नौकरियों को तरजीह देते हैं। मौजूदा समय में वेब सीरीज सिनेमा रोजगार का तेजी से सृजन कर रहा है।
कल्याणपुर में रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट अंशिका श्रीवास्तव ने बताया कि वेब सीरीज सिनेमा में रोजगार के अच्छे अवसर हैं। मॉडल स्वाती श्रीवास्तव, मिस कानपुर रनर अप 2017 का मेकअप कर चुकी हूं। इसके अलावा वेब सीरीज ‘बारिश’ के कलाकारों का मेकअप किया है।
कानपुर के निराला नगर में रहने वाली कलाकार रोज ने बताया कि लल्लन टॉप, पड़ोसन, छोटू विल नेवर डाय वेब सीरीज में काम कर चुकी हूं। कई और वेब सीरीज पाइप लाइन में हैं। वेब सीरीज सिनेमा ने युवाओं के लिए नौकरियों के अच्छे अवसर दिए हैं।
कानपुर के बर्रा में रहने वाली तान्या ने बताया कि मैंने मुजरिम कौन वेब सीरीज में काम किया है। इसके अलावा कई और वेब सीरीज के प्रोजेक्ट पर बातचीत चल रही है। वेब सीरीज युवाओं के लिए नौकरी का अच्छा प्लेटफार्म है। कम समय में तैयार होने वाली इन वेब सीरीज की हर वर्ग में डिमांड है।