कानपुर देहात। जिले में अगले दो दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसकी संभावना जताई है।
मार्च माह की शुरूआत से ही तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। घरों मेें पंखे, कूलर भी चलने लगे हैं। दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलना अभी से मुश्किल नजर आने लगा है। बढ़ते तापमान के चलते गेहूं की फसल बुवाई करने वाले किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंची दिख रही हैं।
बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीएसए कानपुर के मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह हल्के से मध्यम स्तर के बादल छाए रहेंगे। 12 व 13 मार्च को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। ऐसे में किसान फसलों में पानी लगाने से बचें।