धूप से बचाव के लिए बच्चों को तौलिया ओढ़ाकर ले जाती महिलाएं।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। तापमान में इजाफा होने के चलते पिछले कई दिनों से गर्मी में जूझ रहे जिलेवासियों को आज राहत मिल सकती है। मौसम विभाग न तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इससे गेहूं कटाई में जुटे किसानों की परेशानी कुछ बढ़ सकती है।
जिले में मार्च माह के आखिरी सप्ताह से ही तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी थी। इसके चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को छांव ढूंढने के लिए मजबूर होना पड़ता है। गर्म हवाएं लोगों को और भी बेहाल करती हैं। शुक्रवार को भी सुबह से ही तेज धूप निकली। दोपहर होते-होते अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। उत्तर-पूर्वी हवाएं चार किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। जिससे लोग बेहाल नजर आए। दोपहर के समय आसमान में बदली छा गई।
सीएसए कानपुर के मौसम विभाग ने दस अप्रैल को स्थानीय स्तर पर मध्यम स्तर के बादल छाए रहने व तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है। लोगों को गर्मी से कुछ निजात जरूर मिल सकती है। उधर, बारिश होने की आशंका पर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि गेहूं की कटाई-मड़ाई अंतिम चरण में है। ंबारिश होने पर कटी फसल भीग कर सड़ जाएगी। जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।