हरदोई के टड़ियावां पुलिस ने पहाड़पुर गांव के साखिन मजरे में चल रही असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके पर बड़ी तादाद में तमंचा बनाने के उपकरण व कारतूस बरामद किए हुए हैं। छह कारतूस मेड इन फ्रांस हैं। इससे अलर्ट हुई पुलिस ने आतंकी कनेक्शन से जोड़कर भी मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर मिले तीन लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि तीनों करीब 15 साल से असलहा फैक्ट्री चला रहे थे।
तमंचे और उपकरण बरामद
मुखबिर की सूचना पर एसओ ओपी तिवारी ने सोमवार रात पहाड़पुर गांव के साखिन मजरा में संतराम के घर पर छापा मारा। मकान की कच्ची कोठरी से संतराम के अलावा अखिलेश और सुभाष पांडेय मिले। तीनों को धर दबोचा गया। कोठरी में असलहा बनाने के उपकरण, 315 बोर के पांच तमंचे, 312 बोर का एक तमंचा, एक अद्धी, एक बंदूक व कुछ कारतूस बरामद मिले। इसमें 312 बोर के छह कारतूस मेड इन फ्रांस के हैं। मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए एएसपी पश्चिमी निधि सोनकर ने बताया कि कारतूस कैसे यहां तक पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है।