रनियां। नगर में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज व विद्युत वितरण खंड कार्यालय जाने वाली सड़क पर जलभराव के बाद अब कीचड़ हो गया है। इस रास्ते से आवाजाही में छात्र-छात्राओं और बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि जलनिकासी के बजाय राख डलवाने से दिक्कत बढ़ गई है।
बीते दिनों हुई अतिवृष्टि से शिवा जी नगर स्थित विद्युत वितरण खंड और राजकीय इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया था। कई दिन तक सड़क तालाब बनी रही। आवाजाही की दिक्कत पर लोगों ने नगर निकाय प्रशासन से समस्या बताई। इस पर जल निकासी नहीं कराई गई। बल्कि राख डलवा दी गई। इससे अब कीचड़ हो गया है। बिजली कार्यालय जाने वाले उपभोक्ताओं और इंटर कॉलेज के छात्र व छात्राओं को आवाजाही में परेशानी हो रही है। राख भरा कीचड़ कपड़े खराब कर रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी त्रिपाठी का कहना है कि रास्ते पर जलभराव के चलते दो दिन कॉलेज में अवकाश करना पड़ा। जल निकासी के लिए नगर पंचायत को अवगत कराया गया। इस पर नगर पंचायत फैक्ट्रियों से निकलने वाली राख डलवा दी। इससे आवागमन में और परेशानी बढ़ गई। उपभोक्ताओं और छात्र व छात्राओं को निकलने में काफी काफी समस्या होने लगी है। शिवा जी नगर निवासी राम विलास सिंह, मनोज सिंह, अशोक सिंह, देवेंद्र कुमार, ऋतिक सिंह ने बताया कि जलभराव में राख डालने से कीचड़ हो गया है।
...............
बयान....
बारिश में कॉलेज के बाहर और उसके आसपास जलभराव से बड़ी समस्या हो जाती है। पिछले दिनों हुई बारिश से विद्यालय के आगे जलभराव हो गया था। राख डाली गई तो कीचड़ से परेशानी बनी है। - जेपी त्रिपाठी, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज रनियां ................ सड़क यूपीसीडा के अंतर्गत आती है। इसकी वजह से नाली निर्माण निकाय के स्तर से नहीं कराया जा सकता है। जल निकासी के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पंपिंग सेट लगाकर पानी निकलवाया जाएगा। - मनीष राय, ईओ रनियां