झींझक। दिल्ली हावड़ा रेल रूट पर शाहपुर क्रॉसिंग के पास ग्रामीणों के आवागमन के लिए रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाया गया है। इससे जल निकासी का प्रबंध नहीं है। ऐसे में बारिश होने पर अंडरपास में जल भराव हो जाता है।
रविवार की रात व सोमवार को हुई बारिश से शाहपुर क्रॉसिंग के पास बने अंडरपास में घुटनों तक जल भराव हो गया। अब यहां से पैदल राहगीर नहीं निकल पा रहे हैं। वाहन सवारों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं सहायक प्रबंधक मालभाड़ा परियोजना डीसी पोंडिया ने बताया कि अंडरपास में बाहर की तरफ बनाई गई सड़क की ढाल की वजह से पानी भरता है। बाहरी सड़क के किनारों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। जल निकासी की व्यवस्था भी की जाएगी। (संवाद)
पटरी से निकलने में हादसे का खतरा
शाहपुर के जितेंद्र सिंह कहते हैं कि अंडरपास में जलभराव की वजह से मजबूरन किसान व राहगीर पटरी पार करने को मजबूर होते हैं। इससे हादसा होने का खतरा बना है। अफसरों को अंडरपास में भरा पानी निकालने का प्रबंध करना चाहिए।
खितारी के रमेश राजपूत ने बताया कि रेलवे लाइन के दोनों तरफ खेत हैं। फसल रखवाली व अन्य कार्यों के लिए कई बार आवाजाही करनी पड़ती है। अंडरपास में जलभराव से भारी दिक्कत है। बारिश में जलभराव की समस्या काफी समय से है। दूसरे रास्ते से जाने में करीब चार किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। (संवाद)