डेरापुर। ब्लॉक के खल्ला गांव में जलभराव से गंदगी है। पनप रहे मच्छर बीमारी को दावत दे रहे हैं। यह तब है जब संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर जोर है।
गांव में सुल्तान कठेरिया के मकान से भगवान शर्मा के घर जाने वाले मार्ग पर जल निकासी का प्रबंध नहीं है। यहां गंदे पानी का स्थायी जमाव बना रहता है। इससे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदीप पांडेय, रिंकू शुक्ला, मनोज शर्मा आदि ने बताया कि जलभराव के कारण न सिर्फ रास्ता खराब हो गया है बल्कि मच्छरों के पनपने से संक्रामक व मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बना है।
बीडीओ विश्राम सिंह, एडीओ पंचायत अश्वनी कुमार, पंचायत सचिव धर्मेंद्र सिंह तथा ग्राम प्रधान राम नरेश यादव को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। एडीओ पंचायत ने बताया कि खल्ला गांव के चारों ओर ऊंचाई है।
जल निकासी व सफाई की व्यवस्था ग्राम पंचायत स्तर से कराई जानी है। जल निकासी के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार कराकर क्षेत्र पंचायत या जिला पंचायत निधि से कराने का प्रयास किया जाएगा।