रनियां। नगर पंचायत कार्यालय के पास संविलियन विद्यालय जाने वाले मार्ग पर जलभराव है। स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर आवागमन से परेशानी हो रही है।
केशव नगर में सविलियन विद्यालय और हाईवे को जोड़ने वाली इंटरलॉकिंग में अगल बगल की नाली क्षतिग्रस्त है। घरों और बारिश का पानी निकासी न होने के कारण रास्ते पर भरता है। यहां से लोगों को जलभराव के बीच से आवाजाही करनी पड़ रही है। इसी रास्ते से संविलियन विद्यालय के बच्चों की आवाजाही भी होती है। जरा सी चूक पर बच्चे फिसलकर गिरते हैं। इससे यूनीफार्म व बस्ता भीग जाता है। केशव नगर निवासी धर्मेद्र सिंह, गुड्डू त्रिवेदी, जितेंद्र सिंह, छोटे सिंह, सोनू शर्मा, अमर सिंह, संदीप कटियार, सुशील तिवारी, दिनेश सिंह आदि ने बताया कि नालियां क्षतिग्रस्त हैं। इसकी वजह से इंटरलॉकिंग रास्ते पर जलभराव होता है। अधिक बारिश होने पर सड़क तालाब बन जाती है। ईओ मनीष राय ने बताया कि केशव नगर में रास्ते पर जलभराव की जानकारी है।स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। क्षतिग्रस्त नालियां दुरुस्त कराई जाएगी।