फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परौंख के सिर्फ बीस प्रतिशत घरों में ही जलापूर्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
डेरापुर। राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर परौंख गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों का डीएम ने मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। वहीं चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को उनका निपटारा कराने को कहा।
विज्ञापन

इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में पेयजल के लिए घटिया पाइपलाइन डालने का आरोप लगा डीएम से शिकायत की। कहा कि इससे गांव के सिर्फ 20 प्रतिशत घरों में ही पानी पहुंच रहा है। इस पर डीएम ने एक्सईएन जलनिगम को फटकार लगाकर तीन दिन में खामी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डेरापुर ब्लॉक के परौंख गांव में 22 जून को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आ सकते हैं। इसके चलते गुरुवार को डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह, एसपी केशव कुमार चौधरी, सीडीओ सौम्या पांडेय ने गांव पहुंचकर जूनियर विद्यालय परिसर में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि जलनिगम की ओर से बनवाई गई पानी की टंकी की पाइप लाइन घटिया स्तर की।
विज्ञापन

इसके कारण सिर्फ 20 प्रतिशत घरों में पानी की आपूर्ति हो रही है। 80 प्रतिशत लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। कई जगह लीकेज है। जिससे पाइप लाइन में गंदा पानी पहुंच रहा है। डीएम ने एक्सईएन जल निगम एमके सिंह को कड़ी फटकार लगाते हुए तीन दिन के अंदर पानी की आपूर्ति व प्रेशर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने परौंख गांव के नवनिर्मित प्रवेश द्वारों के टाइल्स टूटे होने पर पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता चंद्रप्रकाश से नाराजगी जताई और सुधार को कहा। अन्य समस्याओं को सुनकर डीएम ने जल्द निस्तारण की हिदायत दी। इस मौके पर बीएसए सुनील दत्त, डीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी, एसडीएम लाल सिंह, बीडीओ बब्बन राय, बीईओ उदयनारायण कटियार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्कूल की जमीन पर कब्जा करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश
डेरापुर। परौंख पहुंचे डीएम से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान संग्राम सिंह ने नारायण पुरवा प्राथमिक विद्यालय में मिट्टी भराव कराने व हैंडपंप लगवाने की मांग की। प्रधान ने बताया कि धौकलपुरवा के स्कूल की भूमि पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। 10 बिस्वा भूमि का स्कूल के लिए प्रस्ताव किया गया था। वर्तमान समय में एक बिस्वा भूमि पर विद्यालय भवन बना है। शेष पर अवैध कब्जा है।
डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि विद्यालय की भूमि की पैमाइश कर कब्जा मुक्त कराकर संबंधित पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। डीएम ने परौंख गांव की गलियों का भ्रमण कर नालियों की सफाई कराने, राष्ट्रपति के रहनिया चौक के ऊबड़ खाबड़ फर्श का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए। आंबेडकर पार्क व उसमें बने भवन का निरीक्षण करने पर दीवारों में दरारें होने पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीण शशिपेंद्र सिंह ने डीएम को बताया कि उनके मोहल्ले में बिजली आपूर्ति नहीं है। जिस पर विद्युत एक्सईएन कुलदीप कुमार ने बताया कि 65415 रुपये की लागत का एलटी एबीसी केबल का स्टीमेट तैयार किया गया है। शुक्रवार से कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
हेलीपैड व पार्किंग के लिए देखी जमीन
डेरापुर। डीएम व एसपी ने परौंख गांव में राष्ट्रपति के आगमन के लिए हेलीपैड व पार्किंग के लिए भूमि का भी निरीक्षण किया। झलकारीबाई इंटर कॉलेज से कुछ पहले संपर्क मार्ग के पूर्व व पश्चिम दोनों ओर के खेतों का समतलीकरण कर हेलीपैड व पार्किंग बनाने के संबंध में पीडब्लूडी से स्टीमेट बनाकर कार्यालय भेजने के निर्देश दिए।
इसके बाद डेरापुर स्थित पीडब्लूडी के निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। फिर भी परौंख गांव में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के बाद उन्हें गति देना आवश्यक है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें