कानपुर (ब्यूरो)। होली पर रंग छुड़ाने के लिए दोपहर में भी दो घंटे जलापूर्ति होगी। जल कल विभाग के सभी जोनल अभियंताओं को आदेश दिए गए हैं। पानी की किल्लत की सूचना पर टैंकर नि:शुल्क भेजने का भी बंदोबस्त किया गया है। इसके लिए जल कल विभाग कंट्रोल रूम का फोन नंबर 05122549018 डायल कर सूचना दी जा सकती है। जल कल विभाग सुबह छह बजे से नौ बजे तक और शाम को छह बजे से आठ बजे तक जलापूर्ति करता है। जल कल विभाग के महाप्रबंधक जवाहर राम के अनुसार इस बार होली पर 23, 24 मार्च और 28 को होली मेला के मौके पर दोपहर में भी एक बजे से तीन बजे तक जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए भैरोघाट पंपिंग स्टेशन, लोअर गंगा कैनाल से कच्चे पानी की आपूर्ति बढ़ाने के साथ ही नलकूपों को ज्यादा से ज्यादा चलाने के निर्देश सभी जोनल अभियंताओं को दिए गए हैं। पाइप लाइनों के लीकेज तेजी से ठीक कराए जा रहे हैं। फिर भी जिन मोहल्लों से होली पर पानी की किल्लत की सूचना मिलेगी, वहां पानी का टैंकर नि:शुल्क भेजा जाएगा।