अयोध्या में रामजन्मभूमि न्यास अध्यक्ष को सौंपा गया चित्रकूट के भरतकूप का जल
- फोटो : amar ujala
चित्रकूटाधिपति मत्तगजेन्द्रनाथ मंदिर के व्यवस्थापक प्रदीप तिवारी ने मंगलवार को अयोध्या जाकर भरतकूप का जल राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास महाराज को सौंप दिया। उन्होंने अनुरोध किया कि रामजन्मभूमि पूजन में चित्रकूट के जल का भी प्रयोग किया जाए।
व्यवस्थापक प्रदीप तिवारी ने बताया कि प्रभु श्री राम ने 14 वर्ष के वनवास काल के दौरान साढ़े बारह साल से ज्यादा समय चित्रकूट में बिताया था। आज भी तपोभूमि का कण-कण प्रभु श्री राम की कृपा से अभिसिंचित है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 5 अगस्त को किया जाना है। भूमि पूजन में भरतकूप के जल का प्रयोग किया जाए इसलिए यहां का जल अयोध्या में राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को सौंप दिया गया।
महंत जी ने प्रणाम कर जल लिया और आश्वासन दिया कि पूजन में भरतकूप के जल का प्रयोग अवश्य किया जाएगा। इस मौके पर गोवर्धन मंदिर के महंत मनमोहन दास जी महाराज भी मौजूद रहे। उधर, बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने भरतकूप का जल अयोध्या पहुंचने पर प्रसन्नता जताई l बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को जल सौंपना था ताकि भूमि पूजन के दौरान जल के प्रयोग से चित्रकूट की उपस्थिति भी दर्ज हो जाए। लोगों का मानना भी यही था कि तपोभूमि का जल अयोध्या जरूर पहुंचे l