किसानों का कहना है कि यदि एक दो दिन में पानी और कम नहीं हुआ तो बची फसल भी बर्बाद हो जाएगी। एसडीएम पैलानी ने राजस्व टीम लगाकर नुकसान का आंकलन करना शुरू कर दिया है। फसलों के सटीक आकलन के लिए तहसील से लिस्ट मिलते ही कृषि विभाग एक-दो दिन में नुकसान का सर्वे शुरू कर देगा।
पानी कम होते ही सताने लगी घर चलाने की चिंता
नदियों में पानी कम होने से किसान और ग्रामीण सहित बाढ़ पीड़ित लोग खासे दुविधा में हैं, क्योंकि कई गरीब परिवारों की गृहस्थी उजड़ी तो किसान की मेहनत पर भी पानी फिर गया। जिला प्रशासन ने इन हालातों से निपटने के लिए तात्कालिक तौर पर राहत और बचाव कार्य किए। मगर अब लोगों को आर्थिक नुकसान और उसकी भरपाई की चिंता सता रही है। गरीबों को घर-गृहस्थी का सामान दोबारा जुटाना मुश्किल होगा।
ऐसे पूरा होगा सर्वे का काम
प्रशासन के मुताबिक, बाढ़ से प्रभावित किसान और ग्रामीणों का सर्वे करने के बाद सूची ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों से दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। फिर मकान क्षति, फसल नुकसान सहित अन्य क्षति के पीड़ितों को राहत राशि वितरित की जाएगी। राजस्व विभाग के अधिकारी चार-पांच दिनों में सर्वे कार्य पूरा होने की संभावना जता रहे हैं।
गांवों में पहुंचने लगी सर्वे टीम
बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे करने के लिए सर्वे दल गांवों में पहुंचने लगा है। पिछले तीन दिन से सर्वे टीम लगातार इस कार्य में जुटी हैं। पानी कम होते ही एक-दो दिन में सर्वे कार्य पूरा होने की बात कही जा रही है। एसडीएम लाल सिंह यादव ने बताया कि गांव में नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व टीम को लगा दिया गया है। अभी कई जगहों पर पानी भरा हुुआ है। जैसे-जैसे पानी कम हो रहा है, हमारी टीम उन गांवों का सर्वे पूरा करने में जुटी है।