मोटर खराब होने से ठूंठ बनी मैथा स्थित पानी की टंकी।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली (कानपुर देहात)। मैथा बड़ा बाजार में बनी पानी की टंकी की एक मोटर दो माह से खराब है। दूसरी मोटर दो दिन पहले जल गई। इससे तीन गांवों में पानी की आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने जली मोटर ठीक कराने की मांग की है।
पानी की टंकी को भरने के लिए दो ट्यूबवेल हैं। एक ट्यूबवेल में लगी मोटर दो माह पहले जल गई थी। उसे अभी तक अधिकारियों की लापरवाही से ठीक नहीं कराया जा सका है।
दूसरी मोटर भी दो दिन पहले जल गई। इससे मारग, मांडा, गारब गांव में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। कई बार शिकायत पर जलकल विभाग के ध्यान न दिए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। मैथा के रामनाथ चौबे, रामचंद्र मिश्रा, हरिशंकर तिवारी, केशव तिवारी, नीरज राठौर, हरिओम मिश्रा ने कहा कि दो बोर होने के बावजूद अधिकारियों की लापरवाही से पानी की समस्या पैदा हुई है। हैंडपंपों पर सुबह से ही ग्रामीणों की लंबी लाइन लग रही है। टंकी से आपूर्ति न होने के कारण पशुओं के लिए भी पानी की समस्या है। जेई संजय कुमार ने कहा कि मोटर जलने की जानकारी मिली है। जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।
इधर, हैंडपंप ठीक कराने में लापरवाही हो रही है। चिह्नित 1457 हैंडपंपों में केवल 222 ही ठीक कराए जा सके हैं। डीएम की नाराजगी पर डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस दी है। तापमान का पारा चढ़ने के साथ पेयजल की किल्लत शुरू हो गई है। खराब हैंडपंप दुरुस्त करने के लिए प्रतिदिन 104 हैंडपंप का लक्ष्य दिया गया था। डीपीआरओ शिव शंकर सिंह ने बताया कि रीबोर वाले हैंडपंपों को दुरुस्त करने का काम धीमा है। लापरवाही बरतने वाले एडीओ व ग्राम सचिवों पर कार्रवाई की जाएगी।