कानपुर देहात। जिला अस्पताल में ओपीडी बंद कराकर हंगामा करने वाले वार्ड ब्वॉय को सीएमएस ने निलंबित कर सीएमओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। वहीं, सीएमएस की ओर से गठित जांच कमेटी ने भी गुरुवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है।
जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय रजनीश शुक्ला ने नौ दिसंबर को ओपीडी बंद कराकर अस्पताल गेट को बाहर से बंद कर दिया था। इस वजह से अस्पताल के अंदर मरीज और डॉक्टर फंस गए थे। मामले में तीन एफआईआर दर्ज कर वार्ड ब्वॉय को जेल भेज दिया गया था।
इसके बाद सीएमएस डॉ. वंदना सिंह ने वार्ड ब्वॉय के निलंबन के संबंध में विधिक राय के लिए चार दिन पहले संयुक्त निदेशक कार्यालय को पत्र लिखा था। गुरुवार को कार्यालय की ओर से इसका जवाब आ गया। इसके बाद सीएमएस ने वार्ड ब्वॉय रजनीश शुक्ला को निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही सीएमएस की ओर गठित की गई जांच कमेटी के अध्यक्ष डॉ. स्वयं प्रकाश सिंह, सदस्य डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. अमर चंद्रा और सुजाता मसीहा ने अपनी रिपोर्ट भी सौंपी। इसमें बताया कि रजनीश का व्यवहार सभी से सामान्य था।
जिला अस्पताल में हंगामे के बाद वार्ड ब्वॉय रजनीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। उसके निलंबन पर विधिक राय के लिए संयुक्त निदेशक कार्यालय को पत्र लिखा था। वहां से जवाब मिलने पर वार्ड ब्वॉय को निलंबित कर सीएमओ कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया है। - डॉ. वंदना सिंह, सीएमएस