कानपुर। यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) सीजन-2 में रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में वोक्सेल वैलिएंट्स ने फ्रेंड्स इलेवन को 148 रन से करारी शिकस्त दी। दूसरे में ऑरेंज आर्मी ने ए-टीम यूसीएल को तीन विकेट से हराया, जबकि तीसरे में वी-वॉरियर्स ने एस्पिरिस यूसीएल पर 14 रन से जीत दर्ज की।
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर वोक्सेल वैलिएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में नौ विकेट पर 241 रन बनाए। शौर्य त्रिपाठी ने 47 गेंदों में आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन बनाए। राहुल कुमार ने 40 गेंदों पर 55 रन जोड़े। जवाब में फ्रेंड्स इलेवन की टीम 17.1 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। अनूप दीक्षित ने 3.1 ओवर में नौ रन देकर पांच विकेट झटके। डॉ. सचिन और अमित गुप्ता को दो-दो विकेट मिले। पनकी स्थित राकेश मसाला ग्राउंड पर ऑरेंज आर्मी ने ए-टीम को 136 रन पर समेट दिया। देवेंद्र सिंह ने छह ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि नितिन बत्रा और सत्यम ने दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑरेंज आर्मी ने शारिल के 41 और सेयान के 33 रन की मदद से 28.4 ओवर में सात विकेट पर जीत हासिल की।
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर वी वॉरियर्स ने पांच विकेट पर 161 रन बनाए। रोहित धवन ने 47, महेंद्र सिंह चंदेल ने 31 और अमर पांडे ने 28 रन बनाए। जवाब में एस्पिरिस यूसीएल पांच विकेट पर 147 रन ही बना सकी। आसिफ अम्मार ने 53 रन की पारी खेली। विनय चौबे ने दो विकेट लिए।