अब मछरिया के लोगों को आए दिन होने वाले फॉल्ट और कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी। केस्को का बूढ़पुर मछरिया में नया सबस्टेशन बनकर तैयार हो चुका है। पॉवर ट्रांसफार्मर लग चुका है। तीन फीडरों से लाइनें खींचने का काम चल रहा है। करीब 11 हजार नए कनेक्शन इस सबस्टेशन से उपभोक्ताओं को दिए जाएंगे। इससे पूरे मछरिया की करीब एक लाख की आबादी को फायदा होगा। इसके अलावा अन्य सबस्टेशनों पर पड़ा लोड भी कम हो जाएगा। इससे वहां भी बिजली की समस्या दूर हो जाएगी।
मछरिया में अभी तक देहली सुजानपुर, हंसपुरम, पशुपति नगर और कोयला नगर सबस्टेशनों से बिजली मिलती थी। इससे यहां आए दिन फॉल्ट और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। अब इन सबस्टेशनों का लोड कम होगा तो इन इलाकों के उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली मिल सकेगी। इस महीने के अंत तक नए कनेक्शन दे दिए जाएंगे। नए उपभोक्ताओं को बिल समेत किसी भी बिजली के काम के लिए सैनिक चौराहे के पास बूढ़पुर मछरिया मे बने नए सबस्टेशन जाना होगा। केस्काे के चीफ इंजीनयर योगेश हजेला का कहना है कि देहली सुजानपुर समेत दूसरे सबस्टेशनों से सप्लाई से यहां भी लोड था। नए सबस्टेशन से मछरिया के लोगों को तो राहत मिलेगी ही अन्य सबस्टेशनों का लोड भी कम हो जाएगा।
साढ़े छह करोड़ से बना सबस्टेशन
नया सबस्टेशन करीब साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यहां की जर्जर लाइनें बदली जा रही हैं और खंभे लगाए जा रहे हैं। 11 केवी की लाइनों और गार्डिंग का काम होना है। इसके अलावा सबस्टेशन में तीन फीडर होंगे और दो पांच एमवीए के पॉवर ट्रांसफार्मर लगने हैं।