कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला के प्रचार-प्रसार और जनजागरण के लिए मंगलवार को विवेकानंद रथ निकाला गया। बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 26 से 30 नवंबर तक मेला लगेगा। रथ यात्रा का शुभारंभ यूपीटीटीआई से हुआ। पार्वती बागला और जीएनके समेत कई शिक्षण संस्थानों में रथ का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर महानगर संयोजक नवेंदु शुक्ल ने लोगों को मेले के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर को चार जोन में बांटा गया है। विवेकानंद रथ चारों क्षेत्रों के शिक्षण एवं सामाजिक संस्थानों, अपार्टमेंट और प्रमुख चौराहों से गुजरेगा। इसके माध्यम से मेले के साथ स्वामी विवेकानंद के विचारों और संदेशों का प्रचार किया जाएगा। वक्ताओं ने युवाओं से सांस्कृतिक विरासत को समझने और सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। यात्रा में वरिष्ठ शिक्षक नेता डॉ. शैलेंद्र द्विवेदी, प्रचार-प्रसार प्रमुख डॉ. राहुल मिश्रा, रथ यात्रा प्रभारी प्रभाकर उपाध्याय, प्रोफेसर जेपी सिंह, एसपी गंगवार, क्रांति कटियार तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। (ब्यूरो)