कानपुर। एशिया कप 2025 में शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत और ओमान का आमना-सामना हुआ। इस मैच में ओमान के विकेटकीपर बल्लेबाज कानपुर में जन्मे विनायक शुक्ला ने भारतीय टीम के खिलाफ मैच खेला। श्यामनगर निवासी विनायक शुक्ला (31) ने 2021 में क्रिकेट का सपना पूरा करने के लिए घर छोड़ा था।
विनायक श्यामनगर में कोच लेखचंद्र की देखरेख में इससे पहले अभ्यास करते थे। कोच के अनुसार वह केसीए के क्रिकेटर्स क्लब से विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में मैच खेलते थे। विनायक का क्रिकेट का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा।
2021 में दिल्ली के कोच प्रकाश के संपर्क में आने के बाद वह मस्कट पहुंचे और वहां एक बड़ी कंपनी में डाटा ऑपरेटर के तौर पर काम किया। सुबह ऑफिस जाते और रात में क्रिकेट का अभ्यास करना उन्होंने जारी रखा। तीन साल की कड़ी मेहनत के बाद 2024 में विनायक को ओमान की टीम में स्थान मिला।
विनायक ने 14 दिसंबर 2024 को टी-20 में नेपाल के खिलाफ और 10 फरवरी 2025 को एकदिवसीय मैच में आयरलैंड के खिलाफ पहला मुकाबला खेला। कोच ने बताया कि एशिया कप के दौरान कुलदीप यादव ने विनायक को उनकी सफलता के लिए बधाई भी दी। वहीं कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विनायक को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ही कानपुर का टैलेंट पूरे विश्व में अपनी छाप छोड़ता रहेगा।