बरौर। विकासखंड मलासा के डुडियामऊ गांव में ग्राम चौपाल के दौरान सीडीओ विधान जायसवाल के सामने ग्रामीणों ने सचिव पर अपात्र व्यक्तियों को आवास देना, विकास कार्यों में रूचि न लेना समेत अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। इस पर सीडीओ ने बीडीओ को सचिव की ग्रामपंचायतों में कार्यों की रिपोर्ट प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए।
चौपाल में गांव के योगेंद्र सचान, छोटी बिट्टी, रामवती, सदाप्यारी, मोनी, राजेश कुमार लल्लन, राजू समेत ग्रामीणों ने सीडीओ को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि सचिव ज्योति रत्ना पात्र व्यक्तियों को आवास न देकर व अपात्रों को आवास स्वीकृत किए हैं। गांव में बिना डुग्गी कराए रात को आठ बजे चुपचाप तरीके से मीटिंग कर लेती हैं। विकास कार्यों में बिल्कुल रूचि नहीं रखतीं। जिसकी जांच कराके कार्रवाई किए जाने की मांग की।
साथ ही सचिव को ग्रामपंचायत से हटाए जाने की भी मांग की। जबकि ग्रामीण रमेशचंद्र सविता ने बताया कि उनको वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रही है। रामचंद्र ने बताया कि पुत्र बृजेश कुमार दिव्यांग है दो साल से पेंशन नहीं आ रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर सीडीओ ने सचिव सचिव ज्योति रत्ना से पूछा गांव किस दिन आती हैं तो सचिव उंगलियों में रोस्टर के हिसाब से दिन गिनने लगीं। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी संजय कनौजिया से सचिव ज्योति रत्ना को रिपोर्ट बनाकर भेजे जाने के निर्देश दिए हैं।