बांदा-कानपुर मार्ग पर पेड़ व अवरोध डालकर लगाया गया जाम
- फोटो : अमर उजाला
लगातार बारिश और बाढ़ के पानी से परेशान पपरेन्दा गांव के ग्रामीणों का बृहस्पतिवार शाम को सब्र जवाब दे गया। घरों में पानी भरने और राहत व भोजन की व्यवस्था नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि घरों में पानी भरा होने से चूल्हा नहीं जल पा रहा है। कई परिवारों ने सुबह से खाना नहीं मिलने की बात कही।
ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ का पानी घरों में घुसने से गृहस्थी का सामान प्रभावित हो रहा है। गांव में आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। इसके बावजूद प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। नाराज ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और प्रशासन से तत्काल भोजन, राहत सामग्री और पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। जाम की सूचना पर लेखपाल सुधीर यादव और ग्राम सचिव अजीत पाल मौके पर पहुंचे। दोनों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।