कानपुर के घाटमपुर में बुधवार रात टेनापुर गांव के ग्रामीणों ने परिषदीय विद्यालय का ताला तोड़कर 30 आवारा जानवर बंद कर दिए। गुरुवार सुबह शिक्षक और बच्चे स्कूल पहुंचे तो जानकारी हुई। पुलिस ने बताया कि प्रधानाध्यापक अंजली ओमर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ शांतिभंग (धारा 144) और सरकारी कार्य में बाधा डालने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने जानवरों को गांव के बाहर स्थित चारागाह में बंधवाया और राजस्वकर्मियों को चारे-पानी की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए। इस कवायद में कई घंटे लग गए। स्कूल में बच्चों की पढ़ाई दोपहर बाद शुरू कराई जा सकी। दूसरी ओर सोमवार को क्षेत्र की यमुनापट्टी के गांव कटरी के स्कूल में जानवर बंद करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।