फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: कब्रिस्तान की जमीन पर खनन कर रहे लोगों को ग्रामीणों ने खदेड़ा, हंगामा

Fri, 27 Mar 2026 01:54 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के भदेसा में बुधवार रात शुरू हुए अवैध खनन पर ग्रामीणों ने हंगामा काटने के साथ खनन कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इस दौरान खनन माफियाओं का बुलडोजर मौके पर ही छूट गया। ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में अवैध खनन होने से दो कब्रें क्षतिग्रस्त होने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर नाराज लोगों को शांत करवाया है।
विज्ञापन

भदेसा गांव से 200 मीटर दूर दाने का पुरवा में एक समुदाय के 50 परिवार रहते हैं। यह लोग कई सालों से भदेसा पतरा मार्ग के नजदीक खाली पड़ी जमीन पर अपने पूर्वजों का दफनाते चले आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खाली पड़ी जमीन पर कब्रिस्तान है। यहां पर कच्ची पक्की कई कब्र बनी हुई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार रात को खनन माफिया ने जिन स्थानों पर कब्र बनी थी वहां पर बुलडोजर लगाकर अवैध रूप से मिट्टी का खनन शुरू कर दिया। रात करीब एक बजे गांव के रफीक लघु शंका के लिए जागे तो उन्होंने कब्रिस्तान में वाहनों की लाइट जलती देख शोर मचा दिया। इस पर गांव की महिलाएं व पुरुष मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के पहुंचने पर खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकले जबकि उनका बुलडोजर मौके पर ही छूट गया। ग्रामीणों ने बताया कि खनन माफिया पहले भी कब्रिस्तान से मिट्टी का खनन कर चुके हैं। पुलिस बुलडोजर को अपने साथ ले गई। इधर गुरुवार को अधिकारियों के निर्देश पर लेखपाल रिचा अवस्थी, गजनेर के लेखपाल रमाकांत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे तो दोबारा लोगों की भीड़ जुट गई। गांव के रतन खां, जलालुद्दीन, छोटे खान, सत्तार आदि ने लेखपाल को खनन की गई जगह को दिखाया। आरोप लगाया कि पूर्व में भी कई बार खनन माफिया कब्रिस्तान में खनन कर चुके हैं। बुधवार रात को हुए खनन में माफियाओं ने उनके पूर्वजों की दो कब्रें खोद दी हैं।
विज्ञापन

ग्रामीणों की नाराजगी पर लेखपाल ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर नाराज लोगों को शांत करवाया। इसके बाद खनन की गई मिट्टी की मापजोख की। लेखपाल रिचा अवस्थी ने बताया कि गाटा संख्या 323 करीब 24 बीघे का रकवा है जो सरकारी अभिलेखों में चारागाह के नाम दर्ज है। इस जमीन से अवैध खनन हुआ है। खनन की जगह की नाप जोख कर इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बुलडोजर को सीज किया गया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें