प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास विभाग के सचिव राम बहादुर ने जिले के दौरे के दूसरे दिन मैथा ब्लाक के राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम जुगराजपुर बिठूर का दौरा किया।
प्राथमिक स्कूल में बैठकर विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही गांव में फावड़ा चलाकर तालाब का शुभारंभ भी किया। इस दौरान सचिव ने समीक्षा की। ग्रामीणों के बीच इंदिरा आवासों का सत्यापन करने लगे।
उन्होेंने लाभार्थी रजनी देवी का नाम पुकारा पास आने पर पूछा कि उसका आवास पूरा बन गया। रजनी ने कह दिया कि अधूरा है। इस पर सचिव का पारा चढ़ गया।
उन्होंने बीडीओ मैथा बीसी दुबे और ग्राम सचिव शिवनारायन कश्यप को यह कहकर फटकार लगाई कि जब लाभार्थी कह रही है आवास अधूरा है फिर बुकलेट में पूरा कैसे दिखाया गया। बीडीओ मैथा को प्रतिकूल प्रविष्ठि दिए जाने का आदेश दिया।
इसके बाद नाली, खड़ंजा, पट्टा, राशन वितरण की बात ग्रामीणों से पूछी। कुछ ग्रामीणों ने गत वर्षों में खुदे तालाब का काम अधूरा होने की बात कही।
निरीक्षण के समय काम पूरा नहीं होने पर ग्राम सचिव शिव नारायन कश्यप को निलंबित करने का आदेश दिया। ग्राम प्रधान रवींद्र सिंह को जून में तालाब का काम पूरा कराने का आदेश दिया।
सचिव ने मैथा ब्लाक में बैठकर ब्लाक के कार्यो समीक्षा की। इस मौके पर सीडीओ राजकुमार श्रीवास्तव, पीडी विवेक त्रिपाठी, सीएमओ आरए सिंह, एसडीएम शेरी, जिला सूचनाधिकारी प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू चंद्रा, मैथा पीचसी प्रभारी केके श्रीवास्तव, बीएसए रमापतिराम त्रिपाठी, एडीओ केके त्रिपाठी,जहीर खान, रामऔतार चौधरी, सीडीपीओ कौशल्या देवी आदि मौजूद थे।