चित्रकूट। जिले के जंगलों में लगी आग कहीं पर बुझ रही तो कहीं पर धधकने लगती है। यह सिलसिला करीब पचास दिन से लगातार चल रहा है। मंगलवार को रैपुरा थाना क्षेत्र के रामाकोल गांव के पास स्थित जंगल में दोपहर आग लग गई। आग लगने से आसपास के गांवों के बाशिंदों में हड़कंप मच गया। लोगों ने फौरन फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उधर, गढ़चपा के लोहारपुरवा के जंगल में लगी आग पर फायर ब्रिगेड और वन विभाग के कर्मियों ने काबू कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रैपुरा थाना क्षेत्र के रामाकोल गांव के पास स्थित जंगल में अचानक मंगलवार की दोपहर को आग लग गई, जिससे गांव के बाशिंदों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में आग लगने की सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर नियंत्रण पाने की कोशिशें शुरू कर दी हैं, लेकिन तब तक जंगल की लकड़ियां और झाड़-झंकार आग से राख हो चुके हैं। इतना ही नहीं जंगल किनारे किसानों के रखे भूसे और कंडे भी जल गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम गांव तक आग न पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं।
बताया जाता है कि रामकोल गांव के पास स्थित जंगल में लगी फिलहाल सौ मीटर के दायरे में ही सिमटी हुई है। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम आग को आगे न बढ़ने देने की मशक्कत में जुटी है। घटना से पांच किसानोें के सड़क किनारे रखे भूसा व कंडे जल गए। उधर, सरैया क्षेत्र के गढ़चपा के लोहरपुरवा जंगल में आग पर फायर ब्रिगेड और वन विभाग के कर्मियों ने पूरी तरह से काबू पा लिया है। इस बाबत वन विभाग के डीएफओ कैलाश प्रकाश कहना कि जंगल की आग पर नियंत्रण सभी जगह पर पा लिया गया है। कुछ स्थानों पर जंगल के झाड़-झंकार जल जाते है, जो कुछ देर बाद बुझ जाते हैं।
इंसेट---
खेतों में लगी आग
राजापुर/बरगढ़। थाना अंतर्गत खटवारा, सिरावलमाफी सहित बरगढ़ थाना क्षेत्र के गाहुर में किसानों के खेत में रखी फसल व भूसे में आग लग गई। किसान राजेश सिंह ने फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दिया कि खेतों में लगी फसल में आग लग गई है, जिससे मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुुंचकर आग को बुझाया। यह जानकारी फायर ब्रिगेड विभाग के प्रभारी अभिषेक कुमार ने दी।
इंसेट---
आग से ट्यूबवेल का सामान जला
राजापुर। तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खटवारा के तलवाहार में हरिनारायण तिवारी के ट्यूबवेल में अचानक आग लग गई। इससे लगभग दो लाख रुपये का ट्यूबवेल का सामान जल गया। पानी की व्यवस्था न होने से फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दो छोटी-बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। (संवाद)
इंसेट---
फोटो परिचय-7-आग बुझाने में झुलसे हाथ दिखाती पुष्पा और अन्य परिजन। संवाद
आग से आठ मकान और गृहस्थी जली
अतर्रा। आग लगने से एक ही परिवार के आठ लोगों की गृहस्थी व मकान जलकर राख हो गए। परिवार में 24 मई को लड़की की शादी है। तहसील क्षेत्र के तेरा-ब गांव के मजरा जरैला पुरवा में मंगलवार की दोपहर आग से शिवशरण, मुन्ना यादव, रामकेश यादव, जितेंद्र, रामकिशोर, रामकुमार, कामता प्रसाद, रामदीन के कच्चे मकान जल गए। परिवार में शादी का कार्यक्रम नजदीक होने से अधिकांश लोग खरीदारी करने बाजार गए थे। लपटे देखकर ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के जरिए आग पर काबू पाया। आग बुझाने में कई परिजन भी मामूली रूप से झुलस गए। आग से गृहस्थी का सामान सहित 150 क्विंटल गेहूं और बेटी पुष्पा की शादी के लिए खरीदा दहेज का सामान, आभूषण, नगदी आदि जल गई। शिवशरण ने बताया कि फायर ब्रिगेड को फोन किया, पर वह देर तक आई। परिजनों ने घटना की जानकारी एसडीएम सौरभ शुक्ला को देते हुए राशन सामग्री मुहैया कराने की मांग की है। उधर, सपा नगर महासचिव सत्येंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। (संवाद)
इंसेट---
मकान में आग से एक लाख का नुकसान
महोबा। कबरई थाना क्षेत्र के पिड़ारी गांव में मंगलवार को एक मकान में आग लग गई। ग्रामीणों की दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पिड़ारी गांव निवासी सतेंद्र सिंह परिवार समेत खेतों पर गए थे। तभी कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें व धुआं देख पड़ोसियों ने गृहस्वामी को सूचना दी। ग्रामीण आसपास स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर आग बुझाने में जुट गए। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक गृहस्थी का सारा सामान राख हो चुका था। गृहस्वामी ने बताया कि मकान में चना, गेहूं के अलावा नगदी व जेवर भी नष्ट हो गए। आशियाना जलने से अब पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर जानबूझकर मकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं, अग्निकांड की सूचना राजस्व विभाग को देकर क्षति का आकलन कराकर सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। (संवाद)