कुख्यात विकास दुबे के खात्मे के बाद उसकी बैनामा शुदा जमीन पर कब्जे होने लगे हैं। विकास की पत्नी रिचा लगातार कब्जों की शिकायत लेकर पुलिस और राजस्व अफसरों से कार्रवाई की मांग कर रही है।
मुठभेड़ में ढेर हुए विकास की पत्नी ने अपने बटाईदार विपिन कुमार के माध्यम से एसडीएम बिल्हौर को शिकायती पत्र दिया है। इसमें आरोप है कि ककवन के सकरवां गांव में विकास की बैनामा शुदा करीब 14 बीघा कृषि योग्य जमीन है।
गांव के ही कुछ लोगों ने इस जमीन को अपनी बताकर कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत सात जून को पुलिस महानिदेशक से की गई थी, जिसके बाद 11 जून को ककवन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कब्जा मुक्त भी कराया था।
मौके से हटते ही सकरवां के ही कुछ लोगों ने पुन: कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी उन्हें बटाईदार के माध्यम से हुई है। मामले में एसडीएम आकांक्षा गौतम ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।