हैलट के सामने सड़क घेरे खड़े वाहन।
- फोटो : amarujala
कानपुर। जीटी रोड के ट्रैफिक सुधार में आड़े आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए एसएसपी शलभ माथुर ने एसपी ट्रैफिक सर्वानंद सिंह के साथ बैठक की। तय किया गया कि बैरियर, अस्थायी डिवाइडर लगाकर फिलहाल चार क्रासिंगों पर वन-वे को सख्ती से लागू कराया जाएगा। सड़कों पर खड़े वाहनों को खींचकर ट्रैफिक लाइन पहुंचाया जाएगा। फोर्स, कोन, बैरियर और स्प्रिंग पोल, क्रेन आदि की आवश्यकता होगी। इसके लिए शुक्रवार को अधिकारी कमिश्नर संग बैठक करेंगे। शुक्रवार सुबह एसपी ट्रैफिक जरीब चौकी से कल्याणपुर तक की सभी क्रासिंगों का निरीक्षण करेंगे। संभावना है कि सोमवार से वन-वे व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
सालों से जीटी रोड की क्रासिंग जाम का कारण बनी हुई हंै। पुलिस और प्रशासन ने जरीब चौकी से कल्याणपुर के बीच की प्रमुख क्रासिंगों को वनवे करना तय किया है। इसी को लेकर गुरुवार को हुई बैठक में ट्रैफिक अधिकारियों ने एसएसपी को बताया कि जयहिंद सिनेमा के सामने से नजीराबाद थाने को जाने वाली रोड पर अतिक्रमण है, जिसे हटाना पड़ेगा। इसके अलावा अन्य क्रासिंगों पर वन-वे के लिए पर्याप्त फोर्स और अन्य संसाधनों की आवश्यकता होगी। शुक्रवार को एसपी ट्रैइफक के रूट निरीक्षण के बाद कमिश्नर संग बैठक में फोर्स और संसाधनों की मांग को रखा जाएगा। इसके बाद चार प्रमुख क्रासिंगों पर वन-वे लागू कर दिया जाएगा।
ओवरलोड स्कूली बसों और वैनों की चेकिंग एक से
कानपुर (ब्यूरो)। भदोही की घटना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली बसों और वैन पर भी अभियान चलाने का फैसला किया है। एसपी ट्रैफिक सर्वानंद सिंह ने बताया कि एक से दस अगस्त के मध्य बसों और वैन पर अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले सभी स्कूल प्रबंधकों को पत्र भेजकर गाड़ियों की फिटनेस, परमिट ठीक कराने के निर्देश दिए जाएंगे।
बता दें कि हाल ही में भदोही में मानव रहित क्रासिंग पर स्कूली बस ट्रेन की चपेट में आ गई थी, जिसमें कई मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। इसी को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली बसों और वैन की चेकिंग का फैसला किया है। एसपी के मुताबिक अभियान में ओवरलोड के अतिरिक्त ईयर फोन लगाकर गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी की फिटनेस और परमिट के साथ ही यह भी देखा जाएगा कि बस, वैन में अधिकृत कंपनी की सीएनजी किट लगी है कि नहीं। अभियान की जानकारी से स्कूल प्रबंधकों को भी अवगत कराया जा रहा है।
आरटीओ में दिखाई जाएगी फिल्म
आरटीओ परिसर में बने नए भवन में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों पर आधारित फिल्म भी टीवी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी, जिसमें हेलमेट, सीट बेल्ट के प्रयोग से फायदों की जानकारी होगी।