कानपुर। केस्को के 1.52 करोड़ के स्क्रैप घोटाले के खुलासे की पूरी रणनीति सिविल लाइंस स्थित स्टोर के नजदीक एक दुकान पर बनी। यहां बैठे लोगों ने स्टोर से ट्रक निकलने का घंटों इंतजार किया। उसके बाहर आते ही गाड़ी से उसका पीछा किया। स्क्रैप लदा ट्रक जब वजन कराने फजलगंज स्थित धर्मकांटे पर पहुंचा तब भी कुछ खास लोग वहां मौजूद रहे और ज्यादा माल लदे होने की पुष्टि हाेने पर विभागीय लोगों को सूचना दे दी। इस बीच ट्रक का टायर फट गया और तब तक विभाग की टीम वहां पहुंच गई। टीम ने जांच की धर्मकांटे पर जेई मुन्ना यादव के द्वारा आठ मिनट के भीतर उसी ट्रक की दो पर्ची बनवाने की पुष्टि हुई। इनमें से एक में 10 और दूसरी पर्ची में 22 टन से ज्यादा माल होने की बात लिखी थी।
21 जुलाई की रात करीब 11 बजे स्क्रैप घोटाले के खुलासे के बाद केस्को ने भी एक विभागीय जांच कराई थी। यह जांच अधीक्षण अभियंता (प्रोजेक्ट) अनुराग कटियार को सौंपी गई थी। साथ ही केस्को के सिविल लाइंस स्थित स्टोर के तत्कालीन एक्सईएन श्रीकांत रंगीला को वहां से हटा दिया गया था। उन्हें नेटवर्क एवं डेटा एनालिसिस डिवीजन में भेजा गया था। वहीं, जेई मुन्ना यादव को भी स्टोर से हटाकर बाबूपुरवा सबस्टेशन के टेक्निकल वर्टिकल में स्थानांतरित किया गया था।
इस बीच जांच पूरी होने पर घोटाले में जेई मुन्ना यादव और एक्सईएन श्रीकांत रंगीला की मिलीभगत की पुष्टि हुई है। इस पर दोनों को निलंबित कर दिया गया। वहीं, जेल जाने से पहले आरोपी जेई ने पुलिस को जो साक्ष्य दिए हैं उसके अनुसार जल्द ही निलंबित एक्सईएन की गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस को सबूत मिले हैं कि आरोपी जेई ने अपनी मौजूदगी में घोटाले की नीयत से आठ मिनट में दो बार गाड़ी तौल की पर्ची बनवाई थी। इनमें से एक पर्ची विभाग के रजिस्टर में दर्ज होनी थी और दूसरी से घोटाले की रकम का बंटवारा होना था।
अब मुन्ना यादव के कबूलनामे के बाद एक्सईएन और स्टोर में तैनात रहे अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घोटाले के खुलासे की बड़ी वजह रकम के आपसी बंदरबांट में विवाद होना रहा है। इसके बाद घोटाले के खुलासे की नीयत से मुखबिरी कर मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। फिलहाल पुलिस स्टोर से जुड़े अन्य लोगों पर भी नजर रखे है। ऐसे में कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होना करीब करीब तय माना जा रहा है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि विवेचना चल रही है। जल्द ही कई और लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।