हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर सोमवार रात बाइक सवार तीन लोगों को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक सवारहेलमेट नहीं लगाए था। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गन्नीपुरवा मजरा परसोला निवासी राजीव (25) पुत्र राज बहादुर पड़ोसी गांव कटरी बिछुईया निवासी वीरू (25) पुत्र सरनाम और उसके पुत्र अवधेश (6) के साथ बाइक से बिलग्राम से अपने गांव जा रहे थे।
बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर ग्राम म्यौरा के निकट विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही राजीव की मौत हो गई, जबकि वीरू और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की मदद से घटना में घायल पिता पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम ले जाया गया। जहां से पिता पुत्र की हालत देखते हुए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से दोनों को लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया। पुलिस ने राजीव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।