फोटो 10:::बकेवर के मढौली गांव स्थित सब्जी के खेतों में भरा पानी। संवाद
बकेवर। लगातार हो रही बारिश से सब्जी की फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच गई है। इससे सब्जी की फसल उगाने वाले किसानों को बड़ा नुकसान हो रहा है। कई जगह तो स्थिति यह हो गई है कि खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने लगी हैं।
पिछले चार दिनों से रुक-रुककर बकेवर, लखना व लवेदी क्षेत्र में बारिश हो रही हैं। क्षेत्र के कई गांवों में किसान सब्जी की फसल को उगाते हैं। किसानों के खेतों में लौकी, तोरई, टमाटर, बैंगन, मिर्च, धनिया आदि की फसल खड़ी हैं लेकिन खेतों में बारिश से पानी भर गया है। अगर जल्द ही पानी कम नहीं हुआ तो सब्जी की फसल खेत में ही सड़ जाएगी। क्षेत्र के मड़ौली, बेरीखेड़ा, चिंडौली, असदपुर, ईकरी, पहाड़पुर, मतिरामपुर, कछपुरा सहित कई गांवों में किसान अपने खेतों में सब्जी उगाते हैं।
मड़ौली के सब्जी किसान अरविंद की पांच बीघा लौकी की फसल खेत में पानी भर जाने से बर्बाद हो गयी। वेदप्रकाश के तीन बीघा बैगन की फसल पानी भरने से बर्बाद होने की कगार पर है। इसी प्रकार से बसंत व मुकेश की भी सब्जी की दो एकड़ फसल खराब हो गयी है। सब्जी की फसल में नुकसान होने से किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है।