रामनगर में सिंधी भट्ठा के पास बुधवार शाम मकान के बरामदे में खड़ी वैन में रसोई गैस सिलिंडर से रिफलिंग करते समय आग लग गई। कार मालिक गंभीर रूप से झुलस गया। इधर आग बरामदे से सटे कमरे में पहुंच गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने ऊपरी मंजिल पर फंसे पांच लोगों को पड़ोसी की छत के रास्ते सुरक्षित निकाला। मोहल्ले के लोगों ने सबमर्सिबल पंप से पानी की बौछार कर एक घंटे में आग काबू की।
रामनगर निवासी शनि यादव (32) निजी वैन चलाते हैं। बुधवार शाम 7 बजे घर के बारामदे में वैन में वह घरेलू सिलिंडर से गैस भर रहे थे। तभी धमाके के साथ सिलिंडर में आग लग गई। इससे वैन धूं-धूंकर जलने लगी। लपटों से शनि बुरी तरह से झुलस गया। लोगों ने उसे निजी अस्पताल भेजा। इधर आग की लपटें बरामदे से सटे कमरे में पहुंच गई। वहां रखा गृहस्थी का सामान आदि जल गया। ऊपरी मंजिल पर परिवार के पांच सदस्य फंस गए और चीखने लगे। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई।
पड़ोसी सीटू यादव की छत के रास्ते ऊपरी मंजिल पर फंसे शनि के चाचा कुक्कू, दादी कमला, पत्नी रुचि, बेटा कृष्णा व बेटी बेबी को सुरक्षित निकाला गया। कुछ पड़ोसियों ने साहस दिखाकर बालू आदि डालकर जल रहे गैस सिलिंडर की आग बुझाई और उसे हटाकर दूर फेंका। जबकि सबमर्सिबल पंप चलाकर लगातार पानी की बौछार शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग काबू हुई। इधर माती से फायर टैंकर लेकर दमकल कर्मी करीब 8 बजे पहुंचे और पानी की बौछार कर सुलग रही आग बुझाई। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मी तत्काल पहुंच गए थे। इससे मकान में फंसे पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।