यूपी के उन्नाव जिले में अजगैन कोतवाली क्षेत्र में सात दिन पहले हाईवे किनारे हत्याकर फेंके गए एक युवक के शव की पहचान हो गई है। युवक उत्तराखंड के शिवनगर जिले का रहने वाला था। वह एक ट्रैवेल एजेंसी में चालक था। उत्तराखंड पुलिस के साथ आए मृतक के पिता ने कपड़ों, घड़ी और फोटो से बेटे के शव की शिनाख्त की। मृतक के मोबाइल की आखिरी लोकेशन रायबरेली जिले के किशनगंज की पाई गई है। उत्तराखंड पुलिस रायबरेली के लिए रवाना हो गई है।
बीती 4 नवंबर को लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन थानाक्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास करीब 28 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसकी हत्या किसी नुकीले हथियार से सिर में वार करके की गई थी। घटना के सात दिन बाद जांच करते हुए उत्तराखंड के रुद्रपुर थाने में तैनात इंस्पेक्टर कमलेश भट्ट टीम के साथ अजगैन थाने पहुंचे। उन्होंने चार नवंबर को मिले शव की फोटो और उसके कपड़े और अन्य सामग्री निकलवाई।
पुलिस के साथ आए उत्तराखंड के जिला शिव नगर के थाना रुद्रपुर निवासी अहसान अली ने मृतक की पहचान अपने बेटे फहीम अहमद के रूप में की। उन्होंने बताया कि फहीम उनका इकलौता बेटा था। वह हल्दी पंतनगर निवासी रजनीश सिंह की ट्रैवेल एजेंसी में इनोवा कार चलता था। 2 नवंबर को कुछ लोगों ने फोन पर बात करते उसे महाराणा चौक से उत्तराखंड से इलाहाबाद जाने के लिए बुक कराया था।