कानपुर। कूच विहार ट्रॉफी के चार दिवसीय मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हराया। पहली पारी में 190 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद यूपी ने चौथे दिन दूसरी पारी में मिले 63 रनों के लक्ष्य को महज 9.5 ओवर में एक विकेट खोकर पूरा कर लिया। इस जीत के साथ यूपी टीम एलीट ग्रुप-बी में 13 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। बंगाल और गोवा 14-14 अंकों के साथ पहले व दूसरे स्थान पर हैं।
सहारनपुर स्थित सॉलिटेयर मैदान पर चल रहे मैच में बुधवार को चौथे दिन छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी को पांच विकेट पर 214 रन से आगे बढ़ाया। टीम से विकल्प तिवारी 67 रन और मोहम्मद फैज खान 40 रन की साझेदारी के साथ मैदान पर डटे थे।
इसी बीच यश पंवार ने कप्तान विकल्प तिवारी को आउट कर साझेदारी तोड़ी। कुछ ही देर बाद अयान अकरम ने मोहम्मद फैज खान को एलबीडब्ल्यू कर छत्तीसगढ़ को सातवां झटका दिया। इसके बाद पूरी टीम 90.2 ओवर में 250 रन पर सिमट गई।
टीम की ओर से शिवम यादव ने एक, धनंजय नायक ने सात और रुद्र प्रताप ने पांच रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में यूपी के रवि सैनी ने चार, अयान अकरम ने तीन, यश पंवार ने दो और कार्तिकेय ने एक विकेट हासिल किया।
वहीं 63 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी के शांतनु सिंह ने 35 रन की शानदारी पारी खेली। वहीं भव्य गोयल 12 और अनमोल नौ रन बनाकर नाबाद लौटे। छत्तीसगढ़ की ओर से एकमात्र सफलता धनंजय नायक को मिली।