कानपुर। बीसीसीआई की सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी के मैच में उत्तर प्रदेश की टीम ने असम को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मैच राजकोट स्थित एस क्रिकेट मैदान पर खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी असम की टीम की शुरुआत ओपनर खुशी शर्मा और अमोनंतिका मुंडा ने की। दोनों ने मिलकर 28 रन जोड़े थे तभी यूपी की सोनाली सिंह ने खुशी शर्मा को नौ रन पर शिल्पी के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। इसके बाद रश्मी डे ने अमोनंतिका के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। 18 रन बनाकर अमोनंतिका बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में शिल्पी की गेंद पर आरजू को कैच दे बैठीं। असम का तीसरा विकेट गायत्री (एक रन) के रूप में 67 रन पर गिरा, जिन्हें अर्चना देवी ने निशी के हाथों कैच करवाया। रश्मी डे भी 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद मोनिका दास और फ्लोरिन ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। इसी बीच मोनिका (21 रन) को खुशी त्यागी ने रन आउट कर साझेदारी तोड़ी। इसके बाद शिवानी विश्नोई ने 26 रन और फ्लोरिन ने अर्धशतक बनाकर टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया। असम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 201 रन बनाए। यूपी की ओर से शिल्पी यादव ने तीन विकेट, सोनाली सिंह, अर्चना देवी और खुशी त्यागी ने एक-एक विकेट लिया।
इसके बाद उतरी यूपी टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज वर्णिका और संपदा दीक्षित ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 17 ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। वर्णिका 68 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद निशू चौधरी (22 रन) ने संपदा दीक्षित के साथ मिलकर स्कोर को 150 तक पहुंचाया। संपदा दीक्षित 67 रन बनाकर आउट हुईं।
मुस्कान मलिक सात और कप्तान अर्चना देवी चार रन बनाकर जल्द पवेलियन लौट गईं, लेकिन अंत में निशी कश्यप ने नाबाद 23 और सोनाली सिंह ने नाबाद तीन रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। यूपी ने 35 ओवर में पांच विकेट पर 204 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। असम की ओर से निरुपमा ने तीन और रश्मी डे ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच शिल्पी यादव को चुना गया।