यूपी एग्रो में यूरिया खाद के लिए रविवार को भारी भीड़ उमड़ी रही। दो ट्रक यूरिया खाद बांटने के बावजूद कई किसानों को निराशा हाथ लगी। एग्रो प्रभारी का कहना है कि खाद की मांग की गई है।
आपूर्ति होते ही वितरण करा दिया जाएगा। यूरिया खाद की जबरदस्त किल्लत के चलते एक पखवारे में यूपी एग्रो में एक ट्रक 340 बोरी खाद का स्टाक होने के बावजूद खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है।
किसान प्रतिदिन एग्रो आकर लौट जाते हैं। शनिवार रात दूसरे ट्रक में 340 बोरी खाद आने पर सुबह खाद का वितरण शुरु किया गया है। खाद वितरण की सूचना लगते ही सैकड़ों किसान खाद के लिए केंद्र पहुंच गए।
किसानों की भारी भीड़ देखकर यूपी एग्रो प्रभारी को पसीना आ गया। खाद वितरण से पहले तीन कतारों में किसानों को खड़ा कराया गया।
प्रति किसान दो बोरी खाद देने के साथ ही खाद का वितरण शुरु किया गया। लाइन में बीच में घुसने पर कई बार हंगामा हुआ। दोपहर दो बजे एग्रो की 680 बोरी खाद बंट गई।
फिर भी कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। खाद की आस में लगे दूर दराज से आए किसानों को एग्रो प्रभारी ने कल खाद आने की बात कह लौटा दिया।
यूपी एग्रो प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि रात तक खाद आने की उम्मीद है। खाद आने पर सभी किसानों को खाद बांटी जाएगी।