कानपुर टॉपर रेवा अपने माता पिता के साथ
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के तकनीकी संस्थानों में दाखिले के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) की ओर से आयोजित की गई यूपीएसईई 2019 में अर्पित शुक्ला ने इंजीनियरिंग में सिटी टॉप किया है। अमित ने एमबीए, रेवा त्रिवेदी ने बीफार्मा और शिवहरि ने एमसीए में सिटी टॉप किया है।
इन्हीं चारों छात्रों ने प्रदेश की टॉप-10 रैंकर्स की सूची में भी जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। एकेटीयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि अर्पित शुक्ला ने इंजीनियरिंग में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा एमबीए वर्ग में अमित ने प्रदेश में छठा, एमबीए में ही प्रणव ने प्रदेश में आठवां, एमसीए में शिवहरि शुक्ला ने प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल की है।
बीफार्मा में रेवा त्रिवेदी ने प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। पिछले बार से शहर के रिजल्ट की तुलना की जाए तो इस बार परफारमेंस बेहद खराब रही है। पिछली बार एमबीए और एमसीए के टॉपर भी कानपुर से ही थे जबकि अलग-अलग कोर्स की टॉप-10 सूची में भी कानपुर के छात्रों की संख्या अधिक थी। इस बार शहर की कोई भी छात्रा इंजीनियरिंग में प्रदेश की टॉप-100 सूची में जगह बनाने में सफल नहीं हो पाई है।
छात्राओं की टॉप-10 सूची से भी कानपुर गायब
इंजीनियरिंग में इस बार छात्राओं की टॉप-10 सूची से कानपुर का नाम बिल्कुल गायब हो गया है। यहां की एक भी छात्रा शामिल नहीं है। इसी तरह टॉप-10 ओबीसी और एसटी कैटेगरी में भी शहर से एक भी छात्र-छात्रा शामिल नहीं है। टॉप-10 एससी कैटेगरी में जरूर शहर के शाश्वत सोनकर ने 9वें स्थान पर जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। शाश्वत की ओवरऑल रैंक 443 है। बीआर्क के टॉपर्स की सूची से भी कानपुर गायब है।