फतेहपुर जिले के नसेनिया की बेटी जागृति की सफलता ने गांव के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। न सिर्फ जागृति के चाचा का परिवार बल्कि गांव के लोग भी गदगद हैं। चाचा ने बताया कि जागृति ने पिता की इच्छा न होने के बाद भी नौकरी छोड़ी और आईएएस की तैयारी करके पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया।
सिविल सर्विसेज परीक्षा 2020 में उसकी ऑल इंडिया दूसरी रैंक है। जागृति ने माता-पिता के साथ गांव और जिले की माटी का नाम रौशन किया है। उसकी इस सफलता पर जागृति अवस्थी के चाचा पूर्व प्रधान अवधेश अवस्थी के घर में बधाई देने वालों का शनिवार को तांता लगा रहा।
जागृति ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि जिले का नाम रोशन करने पर उसे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। ईमानदारी के साथ देश की सेवा करते हुए कभी जिले के साथ गांव की माटी का सिर झुकने नहीं देगी। आईएएस जागृति अवस्थी के पिता डा. सुरेश चंद्र अवस्थी भोपाल मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं।
मां मधुबाला अवस्थी खेल शिक्षक थीं। उनकी बेटी जागृति अवस्थी ने महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोपाल से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद मैकेनिक ट्रेड से बीई करके गेट क्वालीफाई किया और भेल में टेक्निकल अफसर बनीं।