दोस्त से मिलने की बात कहकर पांच नवंबर को घर से निकले यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र अमर राज सोनकर (38) का शव रेलबाजार थानाक्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास पड़ा मिला। परिजन के अनुसार उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। इसके चलते वह लोग उसकी खोजबीन में जुटे थे। सोशल मीडिया के जरिये पहचान के बाद उन लोगों ने मॉचुर्री में उसकी पहचान की।
कौशांबी के थाना पश्चिम शरीरा के ग्राम दानपुर पोस्ट जाकरपुर निवासी अमर राज सोनकर कई वर्षों से यूपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार में चार भाइयों रामसेवक, राममूरत, रामसुमेर में सबसे छोटा था। पिता मोहनलाल का कोरोना में और मां दुखरानी का देहांत हो चुका है। परिजन ने पुलिस को बताया कि अमर पढ़ाई में काफी होनहार था। पूरे यूपी में कहीं भी परीक्षा का सेंटर पड़ता था तो वह जरूर समिलित होता था। पांच नवंबर को भी उसने तैयारियों को लेकर दोस्त से कानपुर में मिलने की बात कही और निकल गया। एक दो दिन तो उन लोगों ने इन्तजार किया। जब घर आने के लिए कॉल की गई तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद वह लोग लगातार उसके दोस्तों और सभी रिश्तेदारों से संपर्क कर रहे थे लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली।
रेलबाजार इंस्पेक्टर अमान सिंह ने बताया कि पांच नवंबर को छात्र रेलवे स्टेशन के तीन नंबर गेट के पास ऑटो से उतरा और कुछ दूर चला इसके बाद सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे पुलिस को सूचना कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने पंपलेट, सोशल मीडिया कमिश्नरेट के सभी थानों और आसपास के जिलों में फोटो के साथ युवक के कपड़ों और हुलिए का विवरण साझा किया। इसके बाद परिजन ने उन लोगों से नौ नवंबर को संपर्क किया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक लग रहा है बाकी स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगी।