कानपुर देहात। वाहन की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) में अगर गलत मोबाइल नंबर दर्ज है तो वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं बनेगा। एआरटीओ कार्यालय की तरफ से प्रदूषण प्रमाण पत्र के लिए अब ओटीपी आधारित व्यवस्था लागू कर दी गई है।
जिले में पंजीकृत करीब 15 सौ आरसी में गलत मोबाइल नंबर अंकित होने के चलते विभाग की तरफ से जुर्माना या नोटिस इत्यादि वाहन मालिकों को भेजने में असुविधा का सामना करना पड़ता है। साथ ही समय पर जुर्माना इत्यादि की जानकारी न होने की दशा में वाहन स्वामियों को अतिरिक्त शुल्क जमा करना पड़ता। एआरटीओ ने बताया कि आरसी पेपर पर जिनके मोबाइल नंबर गलत अंकित हैं वह ऑनलाइन परिवर्तन करा सकते हैं। एआरटीओ प्रशासन प्रशांत तिवारी ने बताया कि प्रदूषण सर्टिफिकेट के लिए अपडेट मोबाइल नंबर जरूरी है। जिनके मोबाइल नंबर गलत हैं वह अब इसे ऑनलाइन भी सुधार सकते हैं।
.................
ऐसे अपडेट करें नंबर
वाहन आरसी में ऑनलाइन मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए परिवहन सेवा पोर्टल पर वाहन विवरण दर्ज करना होगा। इसके बाद वाहन का नंबर, चेसिस नंबर (चेसिस नंबर-पूरा) और इंजन नंबर अंकित करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरसी की डिजिटल प्रति प्रदर्शित होगी। यहां मोबाइल नंबर अपडेट कर सेव करना होगा।