कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। निर्वाचन अधिकारी अचल कुमार ज्योति ने 30 अक्तूबर को प्रस्तावित वार्षिक आम सभा (एजीएम) में होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार देर रात अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सभी पदों के लिए नामांकन 17 और 18 अक्तूबर की सुबह 11 से शाम 4 बजे तक होंगे। नाम वापसी की तिथि 26 अक्तूबर तय की गई है जबकि मतदान 30 अक्तूबर की सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक होगा। परिणाम इसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।
इस बार सचिव अरविंद श्रीवास्तव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में नए सचिव का आना तय माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो यह जिम्मेदारी संगठन के ही वरिष्ठ सदस्य को सौंपी जा सकती है। वहीं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अपने पदों पर बने रहने की पूरी संभावना है। सूत्रों के अनुसार शेष दो पदों में एक अल्पसंख्यक वर्ग को देने की तैयारी है जबकि दूसरे पद पर शहर से ही नया चेहरा आने की चर्चा है। यह वही व्यक्ति हैं जो पिछले वर्ष ग्रीनपार्क में हुए भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच के दौरान सुर्खियों में थे और हाल ही में हुई भारत-ऑस्ट्रेलिया ए वनडे सीरीज में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
इसके अलावा गवर्निंग काउंसिल के दो पदों पर भी शहर के प्रतिनिधि मैदान में हैं। साथ ही एपेक्स काउंसिल के 11 पदों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी। सूत्राें के अनुसार यूपीसीए में अब तक चुनाव औपचारिकता मात्र हुए हैं। पदाधिकारियों का चयन आम सहमति से पहले ही कर लिया जाता है। वही लोग नामांकन करते हैं जो निर्विरोध निर्वाचित हों।