फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: कुल्हाड़ी से वार कर महिला की हत्या, सिर में दो जगह मिले घाव, पास में पड़ी थी कुल्हाड़ी

Sun, 30 Mar 2025 10:13 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव

सार

Unnao News: महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। एसपी व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
महिला की हत्या का मामला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बारासगवर क्षेत्र में घर में अकेले रह रही अनुसूचित जाति की महिला की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह भांजा बुलाने पहुंचा तो तख्त पर रक्तरंजित शव मिला। कपड़े अस्त-व्यस्त थे। एसपी, एएसपी और फोरेंसिक टीम ने जांच की। शव के पास ही एक कुल्हाड़ी मिली। सिर पर दो गहरे जख्म मिले हैं। खोजी कुत्ता, घर से करीब 300 मीटर दूर जाकर रुक गया। पुलिस को घटना में गांव के ही किसी व्यक्ति के शामिल होने का शक है। चार लोगों को उठाया गया है।
विज्ञापन


किशुनीखेड़ा गांव निवासी सुनीता देवी (45) पत्नी अशोक कुमार धानुक का नया घर गांव से 300 मीटर दूर अलीपुर गांव जाने वाले मार्ग पर है। यहां वह अकेली रहती थीं। पति गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटी कानपुर में रहकर डीएलएड की पढ़ाई कर रही है। छोटा बेटा लखनऊ में चाचा के यहां रहकर पढ़ता है। सास निर्मला गांव में ही पुराने घर में रहती हैं। उनका 13 साल का नाती (बेटी का बेटा) आदर्श भी साथ रहता है। सुनीता रोज सुबह छह बजे सास और भांजे को नाश्ता देने जाती थीं। रविवार को काफी देर तक न पहुंचने पर निर्मला और भांजा आदर्श सुनीता के घर पहुंचे। दस्तक देने पर अंदर से कोई आवाज न आने पर आदर्श पड़ोसी की छत से मकान के अंदर पहुंचा, जहां उसने मामी का लहूलुहान शव तख्त पर पड़ा देखा। वह चीख पड़ा। ग्रामीणों का मजमा लग गया।
विज्ञापन

सूचना पर एसओ धर्मेंद्रनाथ मिश्र फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच की। शव के पास ही एक कुल्हाड़ी मिली। उसका डंडा अलग था और उस पर खून भी लगा था। सिर में कुल्हाड़ी के हमले के दो गहरे जख्म मिले। पुलिस ने फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। एसपी दीपक भूकर, एएसपी अखिलेश सिंह, सीओ ऋषिकांत शुक्ला भी जांच करने पहुंचे। जांच के दौरान खोजी कुत्ता शव के पास से मृतका के घर की छत तक गया और फिर वहां से वापस गांव की बस्ती की तरफ 300 मीटर एक गली में जाने के बाद रुक गया।

सास निर्मला ने बताया कि बहू 10 साल से नए घर में अकेले रहती थी। बेटा अशोक छह महीने से गांव में था और होली के बाद 20 मार्च को गुजरता चला गया था। सास निर्मला के मुताबिक, किसी से विवाद या दुश्मनी नहीं है। लखनऊ में रहने वाले मृतका के देवर राकेश ने बताया कि भाई के गुजरात से लौटने पर ही कुछ पता चलने की उम्मीद है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। पति के आने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

 

घर का दरवाजा खुलवाकर दाखिल हुआ हत्यारा, छत के रास्ते भागा
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि अभी तक की जांच में जो बात सामने आई है। उससे घटना में महिला के किसी परिचित का ही हाथ है। बताया कि घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति दरवाजे से ही घर के अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद दरवाजा अंदर से बंद किया गया। घटना के बाद हत्या करने के बाद छत के रास्ते भागा है। घटना को अंजाम देने वाला छत के रास्ते निकलने से भी परिचित था। बताया कि महिला की कुल्हाड़ी से हत्या की गई है। घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ सीओ, एसओजी, सर्विलांस और स्वॉट सहित पांच टीमों को लगाया गया है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। परिजनों के मुताबिक, कोई दुश्मनी नहीं है। इस आधार पर प्रेम प्रसंग और जमीन विवाद के बिंदु पर भी जांच की जा रही है।

 

बेटी बोली-  रात नौ बजे मां से फोन पर हुई थी बात, तब थीं सही
मां की हत्या की सूचना पर पहुंची बेटी काजल रक्तरंजित शव देख बिलख पड़ी। बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे मां से उसकी फोन पर बात हुई थी। तब वह सही थीं, उन्होंने किसी प्रकार की दिक्कत नहीं बताई थी। उनके साथ कोई ऐसा कर देगा, इसका भी शक नहीं जताया था।

काजल के मुताबिक, रोजाना सोने से पहले मां से बात होती थी। पुलिस जब पहुंची तो दोनों कमरों में ताला बंद था, महिला का शव बरामदे में पड़े तख्त पर लहूलुहान पड़ा था। बेटे के मुताबिक, उसकी बात नहीं हुई थी। देवर राकेश ने बताया कि वह परिवार के साथ लखनऊ में और दूसरे भाई राजेश कानपुर में परिवार के साथ रहते हैं। दो घरों में एक में मां और भांजा, दूसरे में भाभी अकेले रहती थीं। भांजा कई सालों से साथ में रहकर मां की देखरेख करता है, यहीं वह पढ़ता भी है। मृतका के पति के नाम गांव में 15 बिस्वा जमीन है। अब सभी मृतक के पति के आने का इंतजार कर रहे हैं, उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

 
विज्ञापन

तकिया के नीचे मिला मोबाइल, पुलिस निकलवा रही सीडीआर
सीओ ऋषिकांत शुक्ला के मुताबिक, जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, उससे घटना में किसी नजदीकी के शामिल होने का शक है, जिसे घर के अंदर दाखिल होने के साथ निकलने तक की पूरी जानकारी थी। घर के अंदर जाने के लिए पीछे की ओर पेड़ लगा है। उसी के माध्यम से छत पर फिर जीने से होकर घर में पहुंचा जा सकता है। जीने में दरवाजा न लगा होने से हमलावर दाखिल हुआ और घटना को अंजाम देकर शव और घटना में शामिल औजार वहीं छोड़कर भाग निकला। फोरेंसिक टीम ने कुल्हाड़ी से फिंगर प्रिंट लिए हैं। इसकी जांच से भी हत्यारोपी तक पहुंचने में आसानी होगी। पुलिस को जांच में मृतका की तकिया के नीचे से मोबाइल भी मिला है। सर्विलांस की मदद से उसकी सीडीआर निकलवाई जा रही है। चर्चा है कि खुलासे में जुटी पुलिस ने जब तक गांव और आसपास के पांच लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें