कानपुर देहात के राजपुर में निर्बरी कछार गांव के यमुना नदी बालू घाट में गुरुवार को दिन दहाड़े दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक व्यक्ति घायल हुआ है। घाट में कब्जे को लेकर वर्चस्व की जंग में दोनों ओर से फायरिंग की गई। हालांकि पुलिस लेनदेन का विवाद बता रही है। मरने वालों में एक सट्टी गांव और दूसरा जामू बिधून कानपुर का है।
भाग रहे हमलावरों की कार की टक्कर से होमगार्ड घायल हो गया। मौके पर पहुंचे एसपी और आईजी ने पड़ताल की। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि आरोपियों पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। उनकी संपत्ति की जांच होगी। झांसी की पार्थ कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर्स कंपनी को ई-टेंडरिंग के माध्यम से छह दिसंबर 2018 को पांच साल के लिए निर्बरी कछार घाट बालू खनन के लिए आवंटन हुआ था।
कंपनी के प्रोपराइटर बसंत चतुर्वेदी हैं। उन्होंने घाट के संचालन की पॉवर ऑफ अटार्नी जहांगीरपुर सट्टी के नुरूल हसन उर्फ सैदा के नाम कर दी थी। नुरूल हसन के साथ सट्टी के गुलरेज फातमी, शाहदरा चुंगी आगरा के मनोज चौहान की आपसी हिस्सेदारी थी। पुलिस के अनुसार नुरुल हसन व मनोज के बीच लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।